विदिशा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष ने भेजा कमलनाथ को इस्तीफा
भोपाल
विदिशा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष कमल सिलाकारी ने पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी से नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि अब तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया गया है। उनके इस्तीफा वापस लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारी सक्रिय हो गए हैं।
सूत्रों की मानी जाए तो विदिशा जिले में कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। इस गुटबाजी के चलते संगठन के कई पदाधिकारी कई नेताओं के गुट में बंट गए हैं। इसके चलते पार्टी के कई कार्यक्रमों में संगठन अपनी भूमिका मजबूती से नहीं निभा पा रहा है। इन सभी बातों से जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल सिलाकारी ने नाराज होकर पीसीसी को अपना इस्तीफा भेजा है।
बताया जाता है कि उनका इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन के प्रभारी चंद्र प्रभाष शेखर को मिला। चंद्र प्रभाष शेखर ने इस मामले में पीसीसी चीफ कमलनाथ से बात की। इसके बाद कमलनाथ ने कमल सिलाकारी के पास संदेश भेजा कि वे काम करते रहे, उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया जा रहा है।
कमलनाथ के संदेश के बाद कमल सिलाकारी ने अपने कदम वापस खींच लिए हैं, हालांकि उन्होंने इस्तीफा वापस नहीं लिया है, लेकिन फिलहाल वे जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।

पाठको की राय